तालाब की भूमि व खेल मैदान को कब्जा मुक्त कराया

तालाब की भूमि व खेल मैदान को कब्जा मुक्त कराया
राजस्व विभाग की टीम ने पेलखा में की कार्रवाई, ग्रामीणों को मिली राहत
यदि दोबारा कब्जा किया तो दबंगों पर होगी कडी कार्रवाई

गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव पेलखा में काफी समय से तालाब की भूमि व खेल मैदान पर दबंगों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को शुक्रवार को गांव प्रधान पति व राजस्व विभाग की टीम ने हटवा दिया। टीम ने दबंगों को चेतावनी दी कि यदि भूमि पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौके पर मौजूद भारी पुलिस फोर्स देखकर कोई भी विरोध नहीं हो पाया।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव पेलखा में काफी समय से दबंगों द्वारा तालाब की भूमि पर अवैध कब्जा कर वहां दीवार खडी कर दी गयी थी, वहीं गांव में स्थित बच्चों के खेलने के मैदान पर भी दबंगों ने अपना कब्जा कर रखा था जिसके चलते ग्रामीण बच्चों को भर्ती व खेल के लिए परेशानियों का सामना करना पड रहा था। ग्रामीण काफी समय से गांव प्रधान पति से अवैध कब्जा हटवाने की मांग कर रहे थे। गांव प्रधान पति अरविन्द कुमार ने भी उच्चाधिकारियों से अवैध कब्जा हटवाए जाने की मांग की थी। शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम, कानूनगो, गढीपुख्ता पुलिस के साथ जेसीबी मशीन लेकर गांव में पहुंची तथा गांव प्रधान पति को साथ लेकर तालाब की भूमि पर दबंगों द्वारा दीवार बनाकर किए गए अवैध कब्जे को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा खेल मैदान पर फसल बोकर किए गए अवैध कब्जे को मुक्त कराते हुए भूमि को समतल करा दिया गया। लेखपाल नरेश मलिक ने चेतावनी दी कि यदि भूमि पर फिर से कब्जा करने का प्रयास किया गया तो कडी कार्रवाई की जाएगी। वहीं दूसरी ओर मौके पर मौजूद भारी पुलिस फोर्स देखकर दबंग कुछ भी विरोध नहीं कर पाए और अपना अवैध कब्जा भी खुद ही हटाते नजर आए। तालाब की भूमि व खेल मैदान कब्जामुक्त होने पर ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली। गांव प्रधान पति अरविन्द कुमार ने बताया कि पिछले काफी समय से उक्त भूमि पर दबंगों का कब्जा था जिसे राजस्व विभाग की टीम ने मुक्त करा दिया है।