65 वर्ष की आयु में अनुज यादव ने लगाई गोल्ड, रजत एवं कांस्य पदकों की झड़ी।

65 वर्ष की आयु में अनुज यादव ने लगाई गोल्ड, रजत एवं कांस्य पदकों की झड़ी।

ब्यूरो रिपोर्ट मिथुन गुप्ता एटा 

32वीं यूपी स्टेट मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप कानपुर में जीते 2 गोल्ड व 1 रजत पदक। 

पूना (महाराष्ट्र) में होने वाली नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए हुए चयनित।

एटा। पं0 गोविन्द बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम के सामने जीटी रोड एटा पर रहने वाले आर्यावर्त बैंक के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रबंधक अनुज यादव ने 65 वर्ष की आयु में गोल्ड और रजत पदकों को जीतकर एटा जनपद का नाम रोशन किया है। अनुज यादव पूना (महाराष्ट्र) में 13 से 17 फरवरी तक होने वाली नेशनल मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के लिए भी चयनित कर लिए गये हैं।
 पांच वर्ष पूर्व आर्यावर्त बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक के पद से सेवानिवृत्त हुए अनुज यादव ने अपने मन में रिटायरमेंट को हावी नहीं होने दिया वे लगातार प्रैक्टिस करते रहे और इसी का परिणाम है कि वे आज भी पूरे चुस्त दुरूस्त हैं। उन्होंने 9 व 10 दिसम्बर को कानपुर में होने वाली यूपी स्टेट मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता है। अनुज यादव ने अब तक 9 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक जीते हैं। वर्ष 2018 में अलीगढ़ में हुई 28वीं यूपी स्टेट मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में 3 स्वर्ण, वर्ष 2020 में सोनभद्र में हुई 29वीं प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, वर्ष 2021 में बस्ती में हुई 30वीं प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण, 1 रजत व 1 कांस्य जीत चुके हैं। वर्ष 2022 में अमेठी में हुई 31वीं प्रतियोगिता में 1 रजत व 2 कांस्य पदक जीते। 32वीं यूपी स्टेट मास्टर एथलेटिक्स चैम्पियनशिप कानपुर में 2 स्वर्ण व 1 रजत पदक जीता है। अनुज यादव अब तक 15 पदक जीत चुके हैं। अनुज यादव मूलरूप से विकासखण्ड जैथरा के गांव रूपधनी के निवासी स्व0 इन्द्रजीत सिंह के पुत्र हैं। इनकी शुरू से ही खेलों में रूचि थी। बचपन में परिस्थितियोंवश तथा नौकरी की व्यस्तता के कारण अपने शौक को पूरा नहीं कर सके। सेवानिवृत्त होने के बाद से पूर्णरूपेण खेलों को समर्पित हो गए और पं0 गोविन्द बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रतिदिन प्रैक्टिस करने लगे जो आज भी निरंतर जारी है। स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर उनके शुभचिंतकों ने अनुज यादव को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया है तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।