सीएम योगी करेंगे चौधरी अजित सिंह की प्रतिमा का अनावरण, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे रालोद व भाजपा नेता

सीएम योगी करेंगे चौधरी अजित सिंह की प्रतिमा का अनावरण, तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे रालोद व भाजपा नेता

ब्यूरो डॉ योगेश कौशिक

छपरौली।रालोद के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह की जयंती पर 12 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छपरौली आएंगे तथा उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए मंगलवार को रालोद नेताओं ने सभा स्थल का निरीक्षण किया और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।इस दौरान छपरौली में कार्यक्रम को लेकर श्री विद्या इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के साथ भी बैठक की गई।

छपरौली विधायक डॉ अजय कुमार, रालोद जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय, पूर्व मंत्री डॉ कुलदीप उज्ज्वल , रामकुमार चेयरमैन, राहुल धामा युवा रालोद जिलाध्यक्ष समेत कई प्रमुख नेता आज छपरौली पहुंचे और सभा स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए।

विधायक डॉ अजय कुमार ने कहा कि, यह कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पहली बार प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, स्वर्गीय चौधरी अजित सिंह की जयंती पर उनकी जन्मभूमि छपरौली आ रहे हैं। उनके साथ रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी इस मौके पर उपस्थित रहेंगे।

*विशाल जनसभा की तैयारी*

भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्यक्ष ने बताया कि, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान,मजदूर, नौजवान ,रालोद और भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता शामिल होगी। रालोद के जिलाध्यक्ष डॉ सुभाष गुर्जर ने बताया कि ,सभा स्थल पर मंच, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है तथा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

छपरौली के लिए ऐतिहासिक दिन

रालोद जिलाध्यक्ष डॉ सुभाष गुर्जर ने कहा कि ,चौधरी अजित सिंह न केवल किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह के बेटे थे, बल्कि उन्होंने किसानों के हक की लड़ाई में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। छपरौली के लोगों के लिए यह दिन बेहद खास होगा, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री खुद उनकी विरासत को सम्मान देने पहुंचेंगे।

रालोद नेताओं ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। वहीं, सभा स्थल पर तैयारियों को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है ताकि कार्यक्रम ऐतिहासिक और यादगार बन सके।