फखरपुर में कलश यात्रा के साथ भागवत कथा प्रारंभ ,सांकरौद में दुर्गा शक्ति महायज्ञ में दी गई आहुतियां
संवाददाता शशि धामा
खेकड़ा। फखरपुर गांव में मंगलवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ हुआ, जबकि सांकरौद गांव में दुर्गा कथा के अंतर्गत आयोजित शांति महायज्ञ में श्रद्धालुओं ने आहुति दी। दोनों धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
फखरपुर गांव में कलश यात्रा का शुभारंभ गोरखनाथ मंदिर में पूजा अर्चना के साथ हुआ। इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाएं नए वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश लिए मंगल गीत गा रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु डीजे पर बज रहे भजनों पर झूमते नजर आए। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर धार्मिक उत्साह प्रकट किया। लगभग दो घंटे तक पूरे गांव में भ्रमण करने के बाद यात्रा वापस मंदिर पहुंची, जहां कथा वाचक रास बिहारी महाराज और नेहा दीदी ने विधि-विधान से कलशों की स्थापना कराई।
सांकरौद में शांति महायज्ञ
सांकरौद गांव में आयोजित दुर्गा कथा के अंतर्गत शांति महायज्ञ में ग्रामीणों ने आहुतियां अर्पित कीं और गांव की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। यज्ञ आचार्य कुलदीप दास महाराज ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से यज्ञ अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान ग्राम प्रधान इंद्रजीत सिंह, देवेंद्र सिंह, राहुल कुमार, सुनील कुमार, विनोद कुमार, नरेंद्र सिंह, मोनू, संदीप सहित कई ग्रामीणों ने आहुतियां अर्पित कीं। दोनों धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और भक्तिमय माहौल बना रहा।