मरणोपरांत भी किरण के नेत्र देखते रहेंगे दुनिया, कस्बे की पुत्रवधु के नेत्रदान की सर्वत्र प्रशंसा

संवाददाता शशि धामा
खेकड़ा।कस्बे की समाजसेवी महिला किरण देवी की इच्छा ,मृत्यु के बाद नेत्र दान की थी। शनिवार को उनकी मृत्यु के बाद दिल्ली की चिकित्सक टीम ने उनके पति की सहमति से नेत्र सुरक्षित कर लिए। इससे क्षेत्र भर में किरण के उक्त पुनीत कार्य की प्रशंसा हो रही है।
नगरपालिका खेकड़ा के पूर्व चेयरमेन स्व चौधरी चरण सिंह के परिवार में उनके भाई शिवकुमार चौधरी की पुत्रवधु किरण सिंह की शनिवार को उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। किरण की इच्छा थी कि ,मरणोपरांत उनके नेत्रों को दान कर दिया जाए।
उनके पति संजय ने अपने मित्रों और परिजनों से सलाह करने के बाद नेत्रदान की सहमति दे दी। दिल्ली के दरियागंज स्थित डा सर्राफ चेरिटी आई हाॅस्पिटल के चिकित्सकों की टीम पहुंची और किरण की दोनों आंखों को सुरक्षित कर लिया। दिवंगत किरण सिंह के परिजनों का आभार व्यक्त करते हुए आई बैंक के चिकित्सा निदेशक डा मनीष आचार्य ने परिजनों को नेत्रदान प्रमाण पत्र दिया। तत्पश्चात् किरण का अंतिम संस्कार नई मंडी के पास स्थित मोक्ष धाम में कर दिया गया। इसमें कस्बे के गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में शामिल रहे।