धूमधाम से मनाई दीपावली, खुशहाली के दीये हुए रोशन

धूमधाम से मनाई दीपावली, खुशहाली के दीये हुए रोशन

संवाददाता शशि धामा

खेकड़ा ।तहसील क्षेत्र में रविवार को दीपावली का त्योहार हर्षाेल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों को दीपों और बिजली की झालरों से सजाया तथा लक्ष्मी पूजन के बाद पटाखे फोड़े व गली-मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां मिठाई बांटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर भी दीपावली के शुभकामना संदेशों की खूब आवाजाही रही।

रविवार को दीपावली पर्व पर सुबह से ही लोग खरीदारी के साथ पूजा की तैयारी में लगे रहे। शाम को घरों में भगवान गणेश व मां लक्ष्मी की पूजा की गई। मान्यता है कि ,भगवान् श्रीराम 14 वर्ष का वनवास काटने के बाद अयोध्या लौटे ,तो लोगों ने खुशी में दीये जलाए। 

इसके अलावा दीपावली मनाने को लेकर कई अन्य भी मान्यताएं हैं। कहा जाता है कि, कृष्ण ने कार्तिक अमावस्या के दिन नरकासुर का वध किया था। लक्ष्मी जी इसी दिन समुद्र से प्रकट हुई थीं। छोटे-बड़े व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों पर मां लक्ष्मी का पूजन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्व की धूम रही। अधिकांश लोगों ने घरों में मिट्टी के दीये और मोमबत्ती का प्रयोग किया। हालांकि चाइनीज झालर और बल्ब की भी सजावट खूब हुई। पूजन के बाद मित्रों व बंधु बांधवों को उपहार देकर लोगों को दीपावली की शुभकामनाएं दी। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर सभी एकाउंट दीपावली की बधाइयों से भरे रहे।

प्रतिबंध के बाद भी खूब हुई आतिशबाजी

परम्परागत दीवाली पूजन के बाद बच्चे, युवा और बड़ों ने जमकर आतिशबाजी की। हालांकि एनसीआर क्षेत्र होने के कारण प्रतिबंध लगाया गया था। फिर भी खूब आतिशबाजी हुई। चकरी, लड़ी, अनार, सुतली बम, मुर्गा छाप, पेंसिल, रॉकेट आदि खूब चलते रहे। बच्चे और युवा रंग-बिरंगी पोशाक पहनकर त्योहार को मनाते नजर आए। कुछ लोगों ने डीजे की व्यवस्था की और घर पार्कों में आनंद लिया। लोगों ने देर रात तक आतिशबाजी का आनंद लिया। मंदिरों में पूजा अर्चना करने के लिए तांता लगा रहा। खरीदारी के लिए बाजारों में भारी भीड़ रही।

पुलिस ने पकडे कई बोरी अवैध पटाखे

कोतवाली पुलिस ने कई बोरे अवैध पटाखे पकडे तथा दो लोगों का अवैध पटाखों के साथ चालान भी किया। रातभर पुलिस की गाडी कस्बे समेत पूरे क्षेत्र में भ्रमण करती रही।